Thursday, July 16, 2009

अपनी सत्ता की ताबूत में अंतिम कील ठोक रहीं मायावती : यतेन्द्र !

बलिया। लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर तोड़फोड़ तथा अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी की मुरादाबाद में गिरफ्तारी के विरोध में भृगु की धरती के कांग्रेसजनों ने अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की। गुरुवार की सुबह कांग्रेस भवन पर भारी संख्या में कांग्रेसी इकट्ठें हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकाली। वहीं प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी की गिरफ्तारी व उनके आवास पर तोड़फोड़ और लूट की घटना की घोर निंदा की। कांग्रेसियों ने कहा कि उप्र की सरकार को अब सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। क्योंकि यदि सरकार एनेक्सी के बगल में रहने वाली रीता बहुगुणा जोशी की सुरक्षा नहीं कर सकती तो वह आमजन की सुरक्षा के प्रति कितनी जवाब देह होगी इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। इसके बाद कांग्रेसियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर मौन जुलूस निकाला। कांग्रेस भवन से निकलकर जुलूस शहर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ चौक शहीद पार्क पहुंचा और गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष धरने में तब्दील हो गया। कांग्रेसजन प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। अंत में जिलाध्यक्ष यतेन्द्र बहादुर सिंह ने राज्यपाल के नाम प्रेषित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। इसमें उप्र सरकार के अमर्यादित आचरण और दमनकारी नीति को देखते हुए उसे तत्काल बर्खास्त करने की मांग की गयी है। उक्त कार्यक्रम में पूर्वमंत्री बच्चा पाठक, जवाहर चौहान, हरिशंकर सिंह, अशोक सिंह, ओम प्रकाश तिवारी, देवेन्द्र सिंह, शम्भू शरण पथिक, विनय पाण्डेय, चन्द्र प्रताप सिंह विसेन, उषा सिंह, पूनम पाण्डेय, नवीन सिंह, मकसूदन श्रीवास्तव, शोएबुल इस्लाम, विजयानन्द पाण्डेय, जसपाल, मिक्की सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं उपस्थित रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी को प्रदेश की मायावती सरकार द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजने एवं बसपा कार्यकर्ताओं द्वारा श्रीमती जोशी का घर जलाने की घटना को कांग्रेसजनों ने काला इतिहास बताते हुए इसे तानाशाही एवं बर्बरता पूर्वक कार्रवाई बताया है। युवा कांग्रेस आम आदमी का सिपाही के जिला कोआर्डिनेटर प्रतुल कुमार ओझा ने मायावती सरकार को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सड़क पर उतरकर आरपार की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

कांग्रेस के गिरिजेश कुमार ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी पर अनावश्यक मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने तथा बसपाइयों द्वारा उनके मकान को जलाने व सामान लूटने की घोर निंदा करते हुए प्रदेश की बसपा सरकार को अविलम्ब बर्खास्त करने की मांग की है।

रसड़ा प्रतिनिधि के अनुसार कांग्रेस पार्टी रसड़ा की एक आकस्मिक बैठक स्थानीय डाक बंगले में गुरुवार को सम्पन्न हुई। इसमें राज्य सरकार के तानाशाही पूर्ण नीतियों के चलते प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती रीता बहुगुणा की गिरफ्तारी की कटु शब्दों में निन्दा की गयी।

गिरफ्तारी को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए कांग्रेस जनों ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार द्वारा तत्काल रीता बहुगुणा को रिहा नहीं किया गया तो 17 जुलाई दिन शुक्रवार को 11 बजे अपराह्न से प्यारे लाल चौराहे पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जिलाउपाध्यक्ष मंजीत सिंह एडवोकेट, छेदी भाई, बनारसी, प्रसाद गुप्ता, दीनानाथ सिंह, रमाशंकर तिवारी, वीरेन्द्र सिंह, कमलाकान्त तिवारी, दीनानाथ सिंह, रोहना सिंह आदि ने विचार व्यक्त किये।
अध्यक्षता शिवजी तिवारी तथा संचालन इन्द्रदेव यादव एडवोकेट ने किया।


चित्र परिचय-कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी की गिरफ्तारी और उनकी आवास पर तोड़फोड़ व आगजनी के विरोध में कांग्रेस भवन से मार्च निकालते कांग्रेस जन। जागरण

मायावती का पुतला फूंका

बलिया: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी की प्रदेश सरकार के इशारे पर गिरफ्तारी और बसपा प्रशासन की मिली भगत से उनके आवास पर तोड़फोड़ व अगलगी जैसी घटना को अंजाम दिये जाने के विरोध में युवा कांग्रेस के नौजवानों ने मुख्यमंत्री मायावती का पुतला दहन किया। रोडवेज तिराहे पर चक्का जाम करते हुए मायावती मुर्दाबाद का नारा लगाते रहे। जिला अध्यक्ष सुनील सिंह पप्पू ने कहा कि मायावती सरकार को सिर्फ अधिकारी चला रहे हैं जिन्हे जनता से कोई मतलब नहीं। शहर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सागर सिंह ने मायावती सरकार को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि मायावती मानसिक रूप से बीमार हो चुकी है।

विनय कुमार, नौशाद अहमद, गिरीश कांत गांधी, गोविन्द साह दिवाकर, विजया नन्द, रंजीव श्रीवास्तव, शोएबुल इस्लाम, प्रकाश सिंह, ऋषि सोनी, अखिलेश चौरसिया, सुमित गुप्ता, बबलू, ओम प्रकाश पसेरा, इमरान खान, किशन कुमार चौहान आदि लोग मौजूद थे।

रीता की गिरफ्तारी तानाशाही : सुरेन्द्र सिंह

रसड़ा (बलिया): प्रदेश के मुरादाबाद में सत्ता के इशारे पर कांग्रेस पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीता बहुगुणा की गिरफ्तारी तथा बसपा विधायक के नेतृत्व में बहुगुणा के लखनऊ स्थित आवास में आग लगाये जाने की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व गृह राज्य मंत्री सुरेन्द्र सिंह ने दूरभाष से बताया कि यह घटना जनतंत्र में तानाशाही कार्रवाई है तथा इसकी जितनी निन्दा की जाय कम ही होगा।

No comments:

Post a Comment