Saturday, July 18, 2009

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की धर-पकड़ के लिए धड़ाधड़ पड़े छापे !

बलिया। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी और उनका घर फूंके जाने की घटना से आक्रोशित नगरा के कांग्रेसियों ने शनिवार को बाजार के दुर्गा चौक पर सूबे की मुख्यमंत्री का प्रतीक पुतला दहन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगदीप प्रसाद पाण्डेय, संतोष द्विवेदी, पूर्व विधायक रामबचन धुसिया, डीडी सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, अरविन्द सिंह, सरफराज अहमद, इरफान, अली अहमद, सोनू राम मौजूद रहे। इसके पूर्व जगदीप प्रसाद पाण्डेय के आवास पर आहूत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी की गिरफ्तारी व घर फूंके जाने की घटना की तीव्र भ‌र्त्सना की गयी। अध्यक्षता जगदीप प्रसाद पाण्डेय व संचालन संतोष द्विवेदी ने किया। उधर मुख्यमंत्री का पुतला फूंके जाने की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में कांग्रेसियों की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर छापा मारा किंतु समाचार लिखे जाने तक सफलता हाथ नहीं लगी थी।

बैरिया प्रतिनिधि के अनुसार कर्ण छपरा में कांग्रेसियों ने शनिवार को बैठक कर प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी को जेल से रिहा करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उन्हें रिहा नहीं किया गया तो प्रदेश सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

बैठक में मुख्य रूप से चंद्रकेतु सिंह, शिवनाथ पांडेय, संजय यादव, हृदयानंद सिंह, राम कुमार सिंह, नेपाल यादव आदि कांग्रेसी नेताओं ने विचार रखे। अध्यक्षता जयराम सिंह व संचालन राजकुमार ने किया।

सरकार में बने रहने का कोई हक नहीं

बलिया: वरिष्ठ काग्रेसी नेता निर्मल कुमार उपाध्याय ने उप्र कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रदेश सरकार की मुखिया मायावती की भ‌र्त्सना की है। श्री उपाध्याय ने 'जागरण' को बताया कि मायावती अपना संयम खो चुकी हैं। उन्हे सरकार में बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने राज्यपाल से तत्काल सरकार बर्खास्त करने तथा मायावती पर मुकदमा चलाने की पुरजोर वकालत की है। इस अवसर पर सुरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री जैसे जिम्मेदार पद पर बैठा व्यक्ति दुर्भावना से ग्रसित होकर कार्य करे तो उसे बर्खास्त कर जेल में बंद कर देना ही उचित कदम है।

No comments:

Post a Comment