Tuesday, July 28, 2009

शिक्षा के बिना आदर्श समाज का निर्माण सम्भव नहीं : सीडीओ !

बलिया। शिक्षा के बिना आदर्श समाज व राष्ट्र का निर्माण सम्भव नहीं। ऐसे में आवश्यकता सभी बच्चों को स्कूल भेजने की है। प्रयास हो कि कोई भी बालक व बालिका दाखिले से वंचित न रह जाये।

यह बातें मुख्य विकास अधिकारी राम अरज मौर्या ने कहीं। वह मंगलवार को सर्व शिक्षा अभियान के तहत निकली जनपदीय स्कूल चलो रैली के समापन अवसर पर नगर के टाउन हाल में आयोजित गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। सिटी मजिस्ट्रेट देव कृष्ण तिवारी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि प्राइवेट विद्यालयों से परिषदीय विद्यालय पीछे न रहने पायें, इसके लिए सार्थक पहल होनी चाहिए। जिला समन्वयक पीके उपाध्याय ने 6-14 वर्ष तक के बच्चों का नामांकन हर हाल में कराने की अपील अभिभावकों से की।

इसके पूर्व स्कूल चलो रैली को नगर के भृगु मंदिर से मुख्य विकास अधिकारी राम अरज मौर्या ने हरी झण्डी दिखा कर रवाना किया। बच्चों द्वारा लगाये जा रहे आधी रोटी खाएंगे स्कूल पढ़ने जाएंगे, एक भी बच्चा छूटा संकल्प हमारा टूटा, घर-घर दीप जलाएंगे शिक्षा की अलख जगायेंगे, पढ़ी-लिखी लड़की रोशनी है घर की आदि नारे लोगों का ध्यान बरबस अपनी ओर आकृष्ट कर ले रहे थे। नगर के विभिन्न मार्गो से होते हुए रैली टाउन हाल पहुंच कर सभा में तब्दील हो गयी। सभा को नगर शिक्षा अधिकारी एके झा, एबीएसए उदय राज मौर्या, डीसी लालमणि कन्नौजिया, अजीत पाठक, डा.कंचन सिंह, बीबी पाण्डेय, ओम प्रकाश सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक विनोद सिंह, समन्वयक बलवंत सिंह आदि ने संबोधित किया। संचालन रामराज तिवारी ने किया। आभार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रकाश सिंह ने व्यक्त किये। प्रावि नंदपुर के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

No comments:

Post a Comment