Sunday, August 23, 2009

साधनहीन क्षेत्र में विद्यालय की स्थापना कर कायम किया मिसाल !

बलिया । श्री पशुपति नाथ पूर्व माध्यमिक विद्यालय घोड़हरा नई बस्ती के प्रांगण में शनिवार को गांव के वयोवद्ध नागरिक महातम सिंह की अध्यक्षता में विद्यालय के संस्थापक ख्यातिलब्ध समाज सेवी स्व. पं. रघुवंश पाण्डेय की पुण्य तिथि विद्यालय परिवार द्वारा उत्साह पूर्वक मनायी गयी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक चन्द्रमा मिश्र की वाणी वन्दना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पत्रकार प्रमोद कुमार उपाध्याय समारोह के मुख्य अतिथि तथा विनायक उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। मुख्य अतिथि ने संस्थापक प. रघुवंश पाण्डे के व्यक्तिगत कृतित्व की चर्चा करते हुए कहा कि स्व. पाण्डेय जी स्वभाव से संत पुरुष थे। दूसरों के लिए जीना उनके जीवन का ध्येय था। सभी को सुखी देखना चाहते थे। इसके लिए सभी को शिक्षित करने का लक्ष्य बनाया। इसलिए अत्यन्त पिछडे़ क्षेत्र के साधन विहीन बालक बालिकाओं के लिए उन्होंने इस विद्यालय की स्थापना की। समारोह के अध्यक्ष महातम सिंह ने पाण्डेय जी का संस्मरण सुनाते हुए कहा कि वे मानवता के वरदान थे। बलिया हिंदी प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष डा. रघुवंश मणि पाठक ने समारोह में उपस्थित साहित्यकारों की ओर से स्व. पाण्डेय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उक्त अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे बहुत कम लोग मिलते है जो दूसरों की भलाई के लिए अपने को समर्पित कर देते हैं। संस्थापक जी मानवता के सच्चे पुजारी थे। इस अवसर पर डा. सदानन्द पाण्डेय, डा. बीएन सिंह, मो. कैश, सुरेश यादव, मनोज यादव, शोभनाथ, पं. कामता प्रसाद तिवारी, मगन बिहारी पाण्डेय, बृजमोहन उपाध्याय सहित अनेक ग्रामीण लोगों ने भी विचार व्यक्त किये। अन्त में विद्यालय के अध्यापक आनन्द मोहन पाण्डेय ने उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया

No comments:

Post a Comment