Friday, August 14, 2009

हर्षोल्लास से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव !

बलिया। महाभारत की लड़ाई में पाण्डव पक्ष को गीता का उपदेश देकर अधर्म के विरुद्ध लड़ने के लिए तैयार करने वाले भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पूरे जनपद में बड़े ही उल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार की आधी रात हर जगह सजाये गये पण्डालों के बीच भगवान का जन्म हुआ। कहीं कीर्तन कहीं भजन का कार्यक्रम भी आयोजित था। हालांकि कुछ स्थानों पर यह उत्सव गुरुवार की रात में ही मनाया गया था।

गड़वार प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय थाना परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। गुरुवार की आधी रात परिसर स्थित मंदिर को आकर्षक झांकियों से सजाया गया था। लोक गीत गायक कन्हैया हरिपुरी और श्रीपाल प्रभाकर के भजनों के बीच भगवान के अवतरण का जश्न मना। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश दूबे, पीआर कन्नौजिया, देवेन्द्र सिंह, ब्रह्मदेव आदि उपस्थित रहे।

रेवती प्रतिनिधि के अनुसार नगर क्षेत्र तथा दियरांचल में यह पर्व बड़े ही धूम-धाम से मनाया गया। थाना परिसर में भी थानाध्यक्ष शरत चन्द त्रिपाठी की देखरेख में यह त्योहार मनाया गया। काली स्थान, गुदरी बाजार, बड़ी बाजार, शिवाला दक्षिण टोला आदि स्थानों पर भी यह पर्व मनाया गया।

बांसडीहरोड प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय थाना प्रांगण में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। गुरुवार की रात में ही क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में इस उत्सव को मनाया गया।

No comments:

Post a Comment