Tuesday, September 8, 2009

हक के लिए जीने मरने की तर्ज पर भिडें़ : अम्बिका !

फेफना/सिहांचवर (बलिया),निप्र। सपा कार्यालय फेफना में क्षेत्र के सेक्टर प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं की हुई बैठक में वर्तमान सरकार के गलत कार्यो के खिलाफ 11 सितम्बर को होने वाले फेफना विधान सभा के कार्यकर्ताओं की जेल भरो आन्दोलन के लिए रणनीति बनायी गयी। बैठक में कार्यकर्ताओं से आन्दोलन को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया। अपने सम्बोधन में क्षेत्रीय विधायक अम्बिका चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जीना है तो मरना सीखो, अपने हक के लिए लड़ना सीखो। सूबे की वर्तमान सरकार को जनहित के कार्यो से कोई लेना देना नहीं है। प्रदेश में चारों तरफ लूट हत्या, अपहरण भय का आतंक है लेकिन यह सरकार पत्थरों की मूर्तियों पर करोड़ों रुपया पानी की तरह बहा रही है। कहा कि प्रदेश एवं जिले की लाज को बचाने के लिए तथा पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न रोकने के लिए समाजवादियों की भूमिका बढ़ जाती है इसलिए आपको संघर्ष करना ही होगा और इसके लिए अधिकाधिक संख्या में आंदोलन में सहभागिता निभानी होगी। बैठक के मुख्य अतिथि सपा जिलाध्यक्ष मु. रिजवी ने कहा कि फेफना के सपा कार्यकर्ताओं का हमेशा से अपना एक इतिहास रहा है इसको कायम रखते हुए इस वर्तमान गूंगी बहरी सरकार के खिलाफ आंदोलन में अपना पुराना तेवर कायम रखना होगा। बैठक को जिला सचिव शैलेश चौधरी पप्पू, रामजन्म यादव, वंशीधर यादव, बृजकुमार सिंह, प्रभुदयाल निषाद, बव्वन यादव, राजनाथ यादव, राजेश यादव सहित दर्जनों लोगों ने सम्बोधित किया। अध्यक्षता विधान सभा क्षेत्र फेफना के अध्यक्ष उमाशंकर चौधरी व संचालन शमीम अंसारी भोला ने किया।

No comments:

Post a Comment