Sunday, September 6, 2009

खेल में खेल करने वालों को सिखायें सबक: अयोध्या पाल !

बलिया। प्रदेश के खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री अयोध्या पाल ने कहा कि खेल ही जीवन है। ऐसे में इसके साथ 'खेल' करने वालों को सबक सिखाना समय की मांग बन गयी है। पहल आम जनता को करनी होगी

श्री पाल शनिवार को यहां वीर लोरिक स्टेडियम में चन्द्रशेखर ट्राफी के लिए खेली गयी 43 वीं सीनियर नेशनल खो-खो चैम्पियनशिप के समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर का नाम लिये बगैर उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शो को आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने पुरुष व महिला वर्ग की संयुक्त विजेता टीमों को चमचमाती चन्द्रशेखर ट्राफी प्रदान की। आयोजन समिति के अध्यक्ष एसबीएन तिवारी व सचिव विनोद कुमार सिंह ने इस मौके पर मुख्य अतिथि समेत बसपा लखनऊ रीजन के कोआर्डिनेटर छट्ठूं राम व भारतीय खो-खो फेडरेशन के चेयरमैन राजीव मेहता को स्मृति चिह्न प्रदान किया। संचालन जम्मू-कश्मीर की खो-खो टीम के कोच सरदार भूपेंद्र सिंह तीर्थी ने किया। फेडरेशन के चेयरमैन राजीव मेहता ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि आभार महासचिव सुरेश शर्मा ने व्यक्त किये।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजधारी, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार उपाध्याय, ममता सिंह, एचएन पाल, आरडी सिंह, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेद्र राम, यूपी महिला खो-खो टीम की मैनेजर ऋतु पाठक, उत्तर प्रदेश खो-खो एसोसिएशन तदर्थ समिति के कोआर्डिनेटर धीरेद्र वर्मा, जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष परशुराम सिंह, रविशंकर शर्मा, कुश्ती संघ के अध्यक्ष कविलास सिंह, एथलेटिक्स कोच देवी प्रसाद, आयोजन समिति के कोआर्डिनेटर अरविन्द सिंह, मो. जावेद अख्तर, पंकज सिंह, नीरज राय, प्रदीप, मनोज शर्मा, अमल कुंवर, जनार्दन सिंह आदि मौजूद रहे।

बलिया में भी बनेगा सिंथेटिक कोर्ट

बलिया: जनपद में भी सिंथेटिक कोर्ट बनाया जायेगा। निर्माण कार्य की शुरूआत बहुत जल्द होगी। खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री अयोध्या पाल ने नेशनल खो-खो चैम्पियनशिप के समापन अवसर पर यह जानकारी दी। साथ ही खेल विभाग को निर्देश दिया कि ग्राउण्ड का समतलीकरण शीघ्र कर लिया जाय। उन्होंने बताया कि सिंथेटिक कोर्ट बनाने की कवायद में पहले चरण में उत्तर प्रदेश के सात जनपदों को चयनित किया गया है। इसके बाद दूसरे चरण में बलिया समेत सूबे के पन्द्रह जनपदों में इसका निर्माण कराया जायेगा। वीर लोरिक स्टेडियम में संसाधन बढ़ाये जाने की जानकारी देते हुए खेल मंत्री ने इस सम्बन्ध में विभाग से जुडे़ लोगों को भी आवश्यक निर्देश दिये।

फेडरेशन के महासचिव ने पढ़ाया अनुशासन का पाठ

बलिया: जीवन में अनुशासन का कितना महत्व है इसका पाठ भारतीय खो-खो फेडरेशन के महासचिव सुरेश शर्मा ने नेशनल खो-खो चैम्पियनशिप में शिरकत करने आयी टीमों को पढ़ाया। पुरस्कार हासिल कर लेने के बाद ग्राउण्ड छोड़ रहे खिलाड़ियों की उन्होंने जमकर खिंचाई की और कहा कि अनुशासन तोड़ने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

बलिया में विराट दंगल 25 को

बलिया: खेल मंत्री अयोध्या पाल ने बताया कि बलिया में विराट दंगल का आयोजन आगामी 25 सितम्बर को किया जायेगा। उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल की घोषणा शीघ्र कर दी जायेगी।

No comments:

Post a Comment