Sunday, September 13, 2009

आंगनबाड़ी कार्यक‌िर्त्रयों को मिले राज्य कर्मचारी का दर्जा !

बलिया। हिन्द मजदूर किसान पंचायत के प्रदेश अध्यक्ष गिरीश कुमार पाण्डेय ने आंगनबाड़ी कार्यक‌िर्त्रयों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिये जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह बेहद अफसोसनाक है कि अथक परिश्रम के बाद भी इन्हे आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरत इन्हे प्रोत्साहन देने की है तभी सामाजिक परिवेश में बदलाव आ सकता है।

श्री पाण्डेय रविवार को यहां सतीश चन्द्र कालेज के मनोरंजन हाल में आयोजित महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक तरफ इन कार्यक‌िर्त्रयों पर लोगों में जागरूकता पैदा करने का बोझ तो दूसरी ओर इनकी हालत मजदूरों से भी बदतर है। इस स्थिति में तत्काल बदलाव लाने की जरूरत है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने संबोधन में विधायक द्वय घूरा राम व भगवान पाठक ने आश्वस्त किया कि आंगनबाड़ी कार्यक‌िर्त्रयों को उनका हक दिलाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जायेगी। अपने अध्यक्षीय संबोधन में संगठन की जिलाध्यक्ष बसंती मिश्रा ने इस मौके पर कार्यक‌िर्त्रयों की समस्याओं को विस्तार से रखा।

वक्ताओं में कांग्रेस नेता नागेंद्र पाण्डेय, रामराज तिवारी, वेद प्रकाश पाण्डेय, संजय पाण्डेय, बीबी सिंह आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन अतुल तिवारी ने किया। संगठन के संरक्षक अनिल कुमार पाण्डेय ने उपस्थित विशिष्ट जनों व दूर-दराज से आयी कार्यक‌िर्त्रयों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पूर्व मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारम्भ किया। संरक्षक अनिल कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि समेत अन्य विशिष्ट जनों को स्मृति चिह्न प्रदान किया। इस मौके पर जिलाधिकारी के माध्यम से नौ सूत्रीय मांग पत्र शासन को प्रेषित किया गया।

No comments:

Post a Comment