Sunday, November 28, 2010

भोजपुरी बोली मिसिरी से भी मीठ लागेला.....

नेहरू युवा क्लब हरिपुर के तत्वावधान में रामलीला मंच गड़वार पर लोक महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ जिसमें पूरे दिन भोजपुरी गीतों की बयार बहती रही। जैसे-जैसे सूरज की किरणें अस्त होती गयीं वैसे-वैसे संगीत की स्वर लहरियां जवान होती गईं। भोजपुरी केदर्जनभर कलाकारों ने अपनी गायकी के माध्यम से देर शाम तक श्रोताओं को बांधे रखा। कार्यक्रम का शुभारम्भ कांग्रेस के युवा नेता विवेक सिंह एवं विशिष्ट अतिथि युवा समाजसेवी नरेन्द्र सिंह एवं पत्रकार सौरभ कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम को गति देते हुए नेहरू युवा क्लब हरिपुर के अध्यक्ष कन्हैया हरिपुरी ने गीतों से सबका स्वागत किया। इस अवसर पर श्रीपाल प्रभाकर ने जब जंगली बाबा तोहार महिमा अपरमपार.. गाया तो श्रोता मंत्रमुग्ध हो गये। सागरपाली से आये अभय सिंह ने भोजपुरी बोली मिसिरी से भी मीठ लागेला.. गीत सुनाया जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। एकवारी के रामजी यादव ने श्रोताओं की मांग पर राजा पिय जनि गांजा हो.. गीत सुनाया। इसी क्रम में देवपाल ने बहता गरम हवा.., अंशु उपाध्याय ने बागी बलिया ह भारत के सरताज बबुआ.., भाटी सिकन्दरपुर के सोनू राय ने चांद अइसन चेहरा..सुनाकर वाहवाही बटोरी। मुकेश चंचल और सम्राट पाण्डेय को भी श्रोताओं ने खूब पंसन्द किया। पूरे कार्यक्रम भर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंजता रहा। बलिया से आये अतिथि दूर संचार विभाग के प्रबंधक विद्यानंद, भूमि संरक्षण अधिकारी शैलेन्द्र शाही एवं नेहरू युवा केन्द्र के जिला समन्वयक कपिलदेव ने विजयी प्रतिभागियों को शील्ड प्रशस्ति पत्र एवं अंगस्त्रम् देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीपनारायण सिंह तथा संचालन घनश्याम सिंह ने किया। इस मौके पर अनिल सिंह, पूर्व प्रधान जलालुद्दीन खां राष्ट्रीय सेवा कर्मी जितेन्द्र कुमार, नेहरू युवा मण्डल गड़वार के अध्यक्ष लालचन्द्र वर्मा, सचिव पीयूष, शैलेन्द्र वर्मा आदि उपस्थित रहे। अन्त में कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष सुजीत कुमार श्रीवास्तव उर्फ मन्नू ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:

Post a Comment