Friday, May 8, 2009

दहेज लोभियों को ठुकराने वाली पूजा को विपिन ने अपनाया !

बलिया। यह सुखद संयोग ही है कि जिस लड़की को दहेज के लोभ में शराबी दूल्हे व उसके पिता के कारण शादी से इनकार करना पड़ा था उसे 36 घंटे के अन्दर ही इसारी सलेमपुर निवासी रामकृपाल सिंह ने अपने बड़े पुत्र विपिन के साथ शादी के बन्धन में बंधवाकर उदारता एवं महानता का परिचय दिया है। इस शादी से गम का माहौल खुशी में बदल गया है।

बताते है कि छिब्बी निवासी जयनाथ सिंह की पुत्री पूजा सिंह की बारात भीमपुरा थाना क्षेत्र के नवादा गांव से बुधवार को आयी थी जिसमें दूल्हे के पिता रमेश सिंह व दूल्हा सत्यप्रकाश ने नशे में धुत होकर अचानक दहेज की मांग उठा दी और मारपीट शुरू कर दिया। इससे खिन्न होकर पूजा ने शादी से ही इनकार कर दिया था। परिणाम स्वरूप गुरुवार को कन्या पक्ष ने पूर्व में दिये गये दहेज की रकम की मांग को लेकर दूल्हा, उसके पिता तथा उसके परिजनों को बन्धक बना रखा था। घंटों बाद दहेज की रकम अदा करने के बाद कन्या पक्ष ने उनकी रिहाई कर दी थी।

इस घटना की खबर जंगल की आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गयी और चारों तरफ पूजा के इस कदम की सराहना की जाने लगी। अभी 36 घंटे भी नहीं बीते थे कि इसारी सलेमपुर निवासी रामकृपाल सिंह ने अपने बड़े पुत्र विपिन की शादी का प्रस्ताव बिना दहेज लिये ही जयनाथ के सामने रखा। पूजा के साहसी कदम से पवन, विपेन्द्र तथा मनीष कुमार जैसे प्रभावशाली युवक काफी प्रभावित हुए और उन्होंने आनन फानन में शुक्रवार को दोपहर में ही उसी मण्डप में पूजा की शादी विपिन से रचवा दी। इस मौके पर गांव के काफी संख्या में स्त्री, पुरुष व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



पूजा पुरस्कृत

रसड़ा : दहेज लोभी दरिन्दों की शिकार पूजा के साहस की पूरे जनपद में प्रशंसा की जा रही है। दहेज से संघर्ष कर एक मिसाल बनी पूजा के कारनामों पर प्रसन्न होकर चिलकहर के विधायक प्रतिनिधि सेवा पाण्डेय ने जहां उसे पांच हजार एक रुपये का पुरस्कार प्रदान किया वहीं रसड़ा ग्राम प्रधान संघ के महामंत्री अरुण कुमार सिंह मुन्ना ने उसकी प्रशंसा करते हुए अन्य कन्याओं को भी पूजा के इस सराहनीय कदम से सबक लेने का आह्वान किया है।



दहेज लोभी फंसे कानून के शिकंजे में

रसड़ा (बलिया): रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के छिब्बी गांव में आयी बारात और दहेज लोभी दूल्हा व उसके पिता द्वारा उत्पात मचाये जाने के बाद दुल्हन द्वारा शादी से इनकार कर दिये जाने की घटना पर रसड़ा पुलिस तत्काल हरकत में आयी और उसने दुल्हन पूजा की भाभी दीपमाला पत्‍‌नी अशोक सिंह की तहरीर पर दूल्हा सत्यप्रकाश पुत्र रमेश सिंह, पिता रमेश सिंह, भाई अजय सिंह तथा उसकी भाभी ऊषा सिंह पर कानूनी शिकंजा कसते हुए दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गयी तहरीर में दीपमाला ने आरोप लगाया है कि दरवाजे पर आयी बारात के समय ही वर पक्ष द्वारा दहेज के रूप में 40 हजार रुपये देने की मांग की गयी और न देने पर वर पक्ष द्वारा काफी हंगामा, उत्पात तथा मारपीट की भी कार्रवाई की गयी। पुलिस ने इस आरोप के तहत अपराध संख्या 182/ 09 धारा 323/ 506 आईपीसी के अलावा दहेज निवारण अधिनियम 3/ 4 डीपी एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है।

No comments:

Post a Comment