Thursday, May 7, 2009

शराबी दूल्हे को देख बिदकी दुल्हन, शादी से किया इंकार !

बलिया। दहेज के दरिंदों को बुधवार की रात उस समय करारा झटका लगा जब रसड़ा क्षेत्र के छिब्बी गांव में दहेज के लिए शराब पीकर बवाल कर रहे दूल्हे व उसके पिता के सामने दुल्हन ने आकर शादी करने से इंकार कर दिया। इस पर सारे बाराती भाग खड़े हुए। इससे खुशी का माहौल पल भर में ही गमगीन हो गया। दहेज की रकम वापस लेने के लिए लड़की पक्ष ने लड़के वाले को दूसरे दिन दोपहर तक बंधक बनाये रखा। दहेज में दी गयी पचास हजार की धनराशि वापस लौटाने के बाद ही उन्हे बंधन से मुक्त किया गया। लड़की द्वारा उठाये गये इस कड़े कदम की सराहना सर्वत्र हो रही है।

जानकारी के अनुसार भीमपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा बरंवा रति पट्टी निवासी रमेश सिंह के पुत्र सत्य प्रकाश की बारात छिब्बी निवासी जयनाथ सिंह के यहां बुधवार की शाम आयी थी। उस समय चारों तरफ खुशी का माहौल था। हर कोई बारातियों के स्वागत में लगा हुआ था। धूमधाम से द्वारपूजा की रस्म अदायगी की गयी। इसके बाद बाराती पक्ष जनवासे में चला गया। घंटों बाद कन्या पक्ष परम्परा के अनुसार आज्ञा विजय लेकर जनवासे में पहुंचा। उस समय दूल्हा व उसके पिता सहित अन्य परिजन नशे में धुत दिखे और तत्काल लड़की वाले से दहेज की बकाया रकम 40 हजार रुपये की मांग करते हुए विवाह मण्डप में जाने से इनकार कर दिया।

बताते है कि इस खबर से एक तरफ जहां गांव, घर व कन्या पक्ष में मायूसी छा गयी वहीं काफी मान-मनौव्वल के बाद भी दूल्हे के पिता व दूल्हे राजा पर कोई असर नहीं पड़ा। लड़की का पिता काफी मिन्नत के साथ ही इज्जात की दुहाई दे रहा था लेकिन दहेज के लोभी उसकी हर फरियाद अनसुनी कर दे रहे थे। जब इस प्रकरण की भनक दुल्हन पूजा सिंह को मिली तो उसने हिम्मत जुटाई और सीधे शादी करने से इनकार कर दिया। देर रात तक मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा। कहते है कि इसी बीच दूल्हा अपने साथियों के साथ नशे की हालत में मण्डप में पहुंच हंगामा खड़ा कर दिया। बताते है इसको लेकर मारपीट भी हुई। मण्डप में हुड़दंग देख रातोरात बराती भाग खड़े हुए। इधर लड़की पक्ष ने दूल्हे राजा व उसके पिता के साथ अन्य परिजनों को भी बन्धक बना लिया। शर्त रखी कि दहेज में दिये गये धन एवं सामानों की वापसी के बाद ही इन्हे मुक्त किया जायेगा। उधर लड़की के पिता जयनाथ सिंह ने पत्रकारों को बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी के क्रम में तिलक के अवसर पर अपना खेत बन्धक रखकर और रिश्तेदारों से पैसा लेकर वर पक्ष की इच्छा पूरी की थी। फिर भी मण्डप मे उनसे पैसे की मांग की जाती रही। उधर लड़के के पिता ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि कन्या पक्ष द्वारा जानबूझ कर उन्हे परेशान किया जा रहा है जबकि दूल्हे का कहना था कि कन्या पक्ष के लोगों द्वारा बेवजह उसकी धुनाई की गयी।

इन्दरपुर प्रतिनिधि के अनुसार बन्धक बनाये गये वर पक्ष द्वारा दहेज के रूप में दी गयी 50 हजार की धनराशि लौटा देने के बाद कन्या पक्ष ने उन्हे छोड़ दिया। इस बीच बन्धक बनाये जाने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रसड़ा कोतवाली एचपी गौतम भी मौके पर पहुंच गये और उन्होंने सारी स्थिति का जायजा लिया।


पूजा ने पेश की मिसाल, सबने सराहा

इन्दरपुर: सपा विधायक सनातन पाण्डेय के छोटे भाई सेवा पाण्डेय ने पूजा सिंह के इस निर्णय को सराहा है। कहा कि शराबी दूल्हे का विरोध कर उसने समाज में एक मिसाल कायम की है। गरीब परिवार के होने के बाद भी परिवार व गांव वालों ने भी उसका साथ दिया। श्री पाण्डेय ने कहा कि इसी तरह महिलाओं को जागरूक होना पड़ेगा तभी जाकर समाज से बुराई का अंत होगा।

No comments:

Post a Comment