Monday, May 25, 2009

यज्ञ स्थल की शुद्धि के लिए हुई 501 कलशों की जल-भराई !

बलिया। क्षेत्र के मामपुर महादेवा सेमरी ग्राम में विवेकानन्द महाविद्यालय के तत्वावधान में होने वाले नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ कार्यक्रम सोमवार को गणेश पूजन के साथ प्रारम्भ हुआ। जहां से भगवान गणेश व कलश पूजन के बाद यज्ञ स्थल की शुद्धि व पवित्रता हेतु जल-भराई के लिए श्रद्धालुओं का काफिला घाघरा नदी की ओर बढ़ा। स्थानीय खैरा खास ग्राम पर पहुंचते ही पतित पावनी मोक्ष दायिनी गंगा की सहायक घाघरा नदी की पूजा अर्चना की गयी। पूरे विधि-विधान व मंत्रोच्चारण के बीच नदी पूजन के साथ ही नौ शिष्यों का मुण्डन संस्कार भी किया गया। वहीं करीब 501 कलशों में जल-भराई के बाद किशोरी व श्रद्धालु महिलाएं यज्ञ स्थल के लिए प्रस्थान हुईं। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए यज्ञ संयोजक व अध्यक्ष टी.एन. मिश्रा ने बताया कि 25 मई से प्रारम्भ श्री विष्णु महायज्ञ आगामी 2 जून तक चलेगा। जहां यज्ञाचार्य श्री रेवती रमण जी महाराज की देखरेख में जारी रहेगा व यज्ञकर्ता श्री श्री 108 श्री राम केवल दास जी महाराज के नेतृत्व में कार्यक्रम में हर दिन शाम में वृंदावन की प्रख्यात मण्डली द्वारा रासलीला का मंचन किया जायेगा। देर शाम विद्वान संतों द्वारा राम कथा व विष्णु कथा के तहत प्रवचन भी होगा। उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के महिला मंडल सदस्य नीलू सिंह, अमन सिंह, बिंदू सिंह व नंदनी सिंह के अलावा डा. शशिकांत त्रिपाठी, टीएन मिश्रा, दिनेश सिंह, महेश मौर्या, महात्मा मौर्या, जगदीश यादव, कैलाश गुप्ता, पारस यादव, लक्षीराम, अरविंद यादव, तुलसी यादव, जयनाथ, सुरेन्द्र यादव, सोमारू , अनिरुद्ध व कैलाश गुप्ता आदि का सहयोग जारी है।

No comments:

Post a Comment