Wednesday, April 15, 2009

बूथ लूटने वालों को गोली मारने के आदेश

बलिया। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 09 को पुलिस प्रशासन ने सकुशल सम्पन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली है। बूथ लुटेरों एवं लूटने वालों को तत्काल गोली मारने का निर्देश दे दिया गया है। बूथ पर किसी तरह की गड़बड़ी न हो इस निर्देश के साथ जवानों ने बूथों की कमान सम्भाल लिया है।

चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से कटिबद्ध है। इसकी जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक लाल जी शुक्ल ने बताया कि पुलिस प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। सीपीएफ के जवानों को मोबाइल टीम के साथ ही अति संवेदनशील व नक्सल क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गयी है। बूथ के दो सौ मीटर की दूरी पर मतदाता के अलावा कोई नहीं रहेगा।

मतदान को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए बिहार की सीमा से सटे बूथों पर विशेष चौकसी बरती गयी है। इसके लिए 8 अंतरराज्यीय बैरियर बनाये गये हैं। इसके अलावा 100 कलस्टर प्वाइंट भी बनाये गए हैं। यहां तैनात जवान किसी तरह की सूचना पर तत्काल पहुंचने में दक्ष हैं। ये पूरी तरह से अत्याधुनिक असलहों से लैंस रहेगे। 1387 मतदान केंद्रों के लिए पूरे जनपद को 25 जोन में बांटा गया है।

श्री शुक्ला ने बताया कि हर बूथ पर सशस्त्र जवान हैं। इनके ही कंधों पर शांतिपूर्ण चुनाव कराने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी की अलग से मोबाइल टीमें होंगी। जो पल-पल की जानकारी देंगी। नदी उस पार के बूथों पर विशेष व्यवस्था की गयी है। कहा कि किसी भी दशा में मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस के जवान बूथों की कमान सम्भाल लिए हैं।

No comments:

Post a Comment