Sunday, April 26, 2009

गायत्री महायज्ञ के तीसरे दिन सम्पन्न कराए संस्कार!

बलिया। गायत्री शक्तिपीठ पर सम्पन्न हो रहे विचार क्रांति विद्या विस्तार गायत्री महायज्ञ के तीसरे तथा अंतिम दिन रविवार को जबरदस्त गर्मी एवं गर्म हवा के थपेड़ों के बीच श्रद्धालुओं को रेला दिन भर लगा रहा। महायज्ञ में आहुतियों के साथ योग व्यायाम एवं विभिन्न संस्कार सम्पन्न हुए। महायज्ञ परिसर में चिकित्सा सुविधा हेतु डा. अरविन्द की देखरेख में चिकित्सा शिविर लगाया गया है। जहां सैकड़ों मरीजों का इलाज अब तक किया जा चुका है। महायज्ञ परिसर में पूजन सामग्री एवं साहित्य के स्टाल लगाए गए हैं।

गायत्री महायज्ञ में शांति कुंज टोली के नायक पण्डित शत्रुघ्न शर्मा, यज्ञाचार्य राजेश शास्त्री, संगीतज्ञ धर्मानन्द, नाल वादक अजय यादव तथा राहुल सिंह का अभिनन्दन स्वागत शक्तिपीठ प्रमुख विजेन्द्रनाथ चौबे ने अक्षत पुष्प से किया। यज्ञ के तीसरे दिन भारी संख्या में पुंसवन, नामकरण, दीक्षा अन्न प्रासन्न, विद्यारम्भ, उपनयन, मुण्डन, यज्ञोपवित संस्कार हुए। एक जोड़ा कन्या एवं वर का विवाह संस्कार यज्ञ स्थल पर सम्पन्न हुआ जो महायज्ञ का आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। कन्या कुमारी नीतू सिंह पुत्री रमाशंकर सिंह गांव निपनिया पो. बहदुरा जिला बलिया एवं वर अजय सिंह पुत्र रामचन्द्र सिंह गांव मर्यादपुर जिला-मऊ महायज्ञ में परिणय बंधन में बंध गए। विवाह संस्कार को देखने के लिए यज्ञ स्थल पर काफी भीड़ जमी रही। यज्ञ स्थल पर पूजा सामग्री एवं साहित्य स्टाल पर भी काफी भीड़ देखी गयी। यज्ञ स्थल पर स्वास्थ्य शिविर में रोगियों का इलाज भी हो रहा था।

No comments:

Post a Comment