Saturday, June 27, 2009

विकास कार्य रोका, सड़क जाम

बलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के घोड़हरा गांव में शुक्रवार को दलित वर्ग के लोगों ने विद्यालय पर चल रहे निर्माण कार्य को रोकवा दिया। आरोप था कि इस निर्माण में घटिया ईट का प्रयोग हुआ। इसको लेकर आक्रोशित लोगों ने बलिया-बैरिया मार्ग पर यातायात ठप कर दिया। इसकी सूचना पाकर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रधान प्रतिनिधि समेत पांच लोगों पर हरिजन एक्ट का मुकदमा कायम करा दिया। इसको लेकर गांव में तनाव व्याप्त है।

बताते है कि गांव के विद्यालय पर लगभग दस दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था। दलित बस्ती के कुछ लोगों ने गुरुवार को काम को रोकवा दिया। अगले दिन सुबह जब काम शुरू हुआ तो बस्ती के लोग वहां पहुंच गये और काम रोकवा दिया। इसको लेकर प्रधान पक्ष से कहासुनी हुई। इससे आक्रोशित बस्ती के लोगों ने बलिया-बैरिया मार्ग पर यातायात रोक प्रदर्शन करने लगे। इसकी सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की मांग पर दुबहड़ थाने में मुकदमा कायम करने का निर्देश दे दिया। संजय चौहान की तहरीर पर दुबहड़ पुलिस ने प्रधान प्रतिनिधि समेत पांच लोगों पर धारा 142/452/506 तथा 311 एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा कायम कर लिया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव में तनाव बना हुआ है। जाम करने वालों में प्रमुख रूप से रामेश्वर पासवान, सर्वजीत, शिव कुमार रश्मि, बबलू गोड़, गंगा सागर, भोला राम, भरत गोड़ आदि जनता रही। इधर प्रधान पक्ष का कहना है कि नरेगा के तहत नियमानुसार यह कार्य हो रहा है। काम को प्रभावित करने के लिए इस तरह की रचना रची गयी। पुलिस ने राजनैतिक दबाव के तहत यह कार्रवाई की है।

No comments:

Post a Comment