Monday, November 2, 2009

कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों ने लगाई गंगा में डुबकी !

बलिया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर महावीर घाट संगम तट पर सोमवार को भोर में लाखों लोगों ने गंगा में डुबकी लगायी। इसके बाद महर्षि भृगु व बाबा बालेश्वर नाथ के मंदिरों में मत्था टेका। साथ ही दान-पुण्य भी किये। स्नान-ध्यान के बाद स्नानार्थियों ने ददरी मेले का भी आनंद उठाया। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु रविवार की शाम से ही संगम तट की तरफ रुख कर लिये थे। यह क्रम अगले दिन दोपहर बाद तक चलता रहा। इस बार गंगा में लगभग दस लाख से अधिक लोगों ने डुबकी लगायी। संगम तट पर जिलाधिकारी सेंथिल पाण्डियन सी व पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश नहान के अंतिम दौर तक डटे रहे।

कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के लिए जनपद एवं गैर जनपद से लोगों का जत्था एक दिन पूर्व से ही गंगा तट पर पहुंचने लगा था। बच्चे, बूढ़े, महिलाओं व युवा सबका एक ही मकसद रहा संगम तट पर गंगा में डुबकी लगाना। स्थिति ये रही कि लोगों ने आधी रात बाद से ही स्नान करना शुरू कर दिया। श्रद्धा, भक्ति में डूबी महिलायें मांगलिक गीत गाते हुए गंगा तट पर पहुंचीं। श्रद्धालु अपने ग्रुप की पहचान के लिए हाथों में पताका लिये हुए थे। स्नानार्थियों ने स्नान के बाद बाबा भृगु व बालेश्वर नाथ का दर्शन करके जलेबी, सत्तू, मूली का भी स्वाद लिया। प्रशासन के लिए राहत वाली बात यह रही कि जनता कई रास्ते से घाटों तक पहुंची। संगम तट पर जिलाधिकारी सेंथिल पाण्डियन सी, पुलिस अधीक्षक चन्द्र प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक महात्मा प्रसाद, अपर जिलाधिकारी एके द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट कृष्णदेव तिवारी, सीओ गंगा राम, चिरंजीव मुखर्जी, नगरपालिका परिषद के चेयरमैन संजय उपाध्याय, ईओ रमेशचंद्र सिंह सहित सारे अधिकारी जमे रहे।

बैरिया प्रतिनिधि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को द्वाबा के शिवपुर, बहुआरा, दोकटी, सती घाट, भुसौला, शुक्लछपरा, मझौवां, दुर्जनपुर, पचरूखिया, नौरंगा गंगा घाटों सहित मांझी स्थित सरयू घाट पर श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। पवित्र नदियों में स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने विभिन्न मन्दिरों में पूजन अर्चन किया।

No comments:

Post a Comment