Saturday, October 24, 2009

सूर्य षष्ठी पर्व पर विभिन्न घाटों की हुई सफाई !

बलिया। सूर्य षष्ठी के पावन पर्व पर नगर के विभिन्न घाटों की साफ-सफाई की गयी। इसमें पूजा समितियों के अलावा नगर पालिका परिषद ने भी चढ़-बढ़कर हिस्सा लिया। छठ पर्व के दौरान घाटों की साफ-सफाई के अलावा घाटों को लाइट, झालर व अन्य आधुनिक सजावटों से सजाया गया है। देर शाम तक इसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी थीं। आज हजारों महिला व्रतियों द्वारा अराघ्य के देव सूर्य देव को अस्ताचलित अ‌र्घ्य दिया जायेगा। नपा व प्रशासन ने किसी भी सम्भावित घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम किया है।

पूजा समितियों द्वारा नगर के बिचला घाट, चन्द्रशेखर नगर, महावीर घाट, बहादुरपुर, कटहल नाला, आवास विकास कालोनी घाटों की सफाई की गयी है। इसमें लोग ने बड़ी मेहनत से फावड़ा व कुदाल से घाटों को चुस्त-दुरुस्त करके वेदियों का निर्माण किया है। इसमें वेदियों व घाटों को आकर्षक लगने के लिए गाय के गोबर से लिपाई करके घाटों को और साफ, स्वच्छ बना दिया है। इसके अतिरिक्त रामलीला मैदान, टाउन हाल व भृगु मंदिर में छठ पर्व करने के लिए आम लोगों व पूजा समितियों द्वारा अस्थाई पोखरे का निर्माण किया गया है। घाटों की सफाई व अस्थाई पोखरा के निर्माण में नगर पालिका परिषद की भी भूमिका सराहनीय रही है। विभिन्न घाटों तक जाने वाले मार्गो को लाइट, झूमर व अन्य आधुनिक सजावटों से सजा दिया गया है। नगर पालिका परिषद व जिला प्रशासन ने किसी की सम्भावित घटना से निबटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की पोख्ता इंतजाम किया है।

No comments:

Post a Comment