Saturday, January 29, 2011

लंदन तक गूंजी थी मंगल पाण्डेय के गोलियों की आवाज!!

उन्नीसवीं सदी के पूर्वाद्ध में जिला मुख्यालय से आठ किमी पूरब गंगा के सुरम्य तट पर बसे नगवा गांव ने अपनी विविध विशेषताओं से मण्डित अपनी उर्वरा माटी के कारण 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम शहीद मंगल पाण्डेय की जन्म भूमि होने का गौरव प्राप्त किया है। मंगल पाण्डेय का जन्म नगवा में 30 जनवरी 1831 को सुदिष्ट पाण्डेय एवं जानकी देवी के पुत्र के रूप में हुआ। 29 मार्च 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत करने वाले मंगल पाण्डेय द्वारा चार अंग्रेज अफसरों को मार देने से अंग्रेजों के कान खड़े हो गये। बैरकपुर छावनी में अंग्रेजी सिपाहियों की संख्या बढ़ा दी गयी। मंगल पाण्डेय की गोली की गूंज लंदन तक जा पहुंची। सैनिक अदालत में उन पर मुकदमा चला। अन्तत: उन्हें आठ अप्रैल 1857 को बैरकपुर छावनी में तड़के फांसी दे दी गयी। नगवा के बुजुर्गो का कहना है कि मंगल पाण्डेय की बगावत के बाद अंग्रेजी सरकार ने नगवा के लोगों को प्रताड़ित किया। स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात नगवावासियों को काफी कुछ उम्मीदें थीं कि अपनी सरकार मंगल पाण्डेय को राष्ट्रीय सम्मान से विभूषित करेगी। कम से कम भारत के लोकसभा परिसर में इनकी आदमकद मूर्ति की स्थापना अवश्य होगी। गांव भी शहीद ग्राम के रूप में उत्कर्ष को पहुंचेगा लेकिन ऐसा कुछ अब तक नहीं हो सका है। यह खेद की बात है। पश्चिम बंगाल सरकार ने शहीद मंगल पाण्डेय का स्मारक विधान सभा परिसर, बैरकपुर छावनी में, बैरकपुर के पास धोबी घाट पर आवक्ष प्रतिमा की स्थापना किया है। बलिया नगर के कदम चौराहे पर मंगल पाण्डेय की प्रतिमा, इनके पैतृक गांव नगवा में शहीद मंगल पाण्डेय के नाम पर सन् 1962 से इण्टर कालेज 2005 से राजकीय महिला महाविद्यालय एवं विशाल पुस्तकालय सरकारी सहयोग से अवश्य स्थापित है फिर भी आजादी का यह महानायक अब भी राष्ट्रीय सम्मान हेतु तरस रहा है। जयंती पर एक उम्मीद कि जिम्मेदारों की तंद्रा टूटे।

हाफ मैराथन दौड़ आज, मंगल महोत्सव भी

अमर शहीद मंगल पाण्डेय की जयंती पर 30 जनवरी को विविध कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। प्रात: साढ़े सात बजे हाफ मैराथन दौड़ की शुरुआत नगवा से होगी जिसका समापन चितबड़ागांव मोड़ पर होगा। आयोजक शेखर सामाजिक एवं शैक्षणिक समिति के प्रबंधक सुधांशु शेखर त्रिपाठी के अनुसार इस दौड़ में देश के नामीगिरामी धावक प्रतिभाग करेगे। उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी करेगे जबकि समापन व पुरस्कार वितरण जमुना राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय चितबड़ागांव में जिला पंचायत अध्यक्ष रामधीर सिंह द्वारा किया जायेगा। इसी क्रम में शहीद मंगल पाण्डेय इण्टर कालेज नगवा के प्रबंधक बृकेश कुमार पाठक ने बताया कि इस मौके पर मंगल महोत्सव का भी आयोजन शहीद मंगल पाण्डेय स्मारक नगवा में पूर्वाह्न नौ बजे से होगा। महोत्सव के मुख्य अतिथि उप्र के लघु उद्योग मंत्री चन्द्रदेव राम यादव होंगे। इण्टर कालेज परिसर में ज्योतिबा फूले बालिका साइकिल मदद योजना के अंतर्गत 100 बालिकाओं को साइकिल दी जाएगी। साथ ही हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छ: छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट सेवा करने वाले दो अध्यापकों व सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment