Sunday, April 25, 2010

विकास के लिए सत्ता से हटाना होगा बसपा सरकार को : अंचल !

बैरिया (बलिया), निप्र। बहुजन समाज पार्टी की सरकार को जब तक सत्ता से नहीं हटाया जायेगा तब तक प्रदेश के गरीबों को न तो राहत मिलेगी और न ही इस प्रदेश का विकास होगा। सत्ता पक्ष के लोग प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई को लूट रहे है जिसे रोकने के लिए द्वाबा की जनता को आगे आना चाहिए।

यह बातें पूर्व मंत्री शारदा नन्द अंचल ने कहीं। वह रविवार को यहां आयोजित सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। इसी क्रम में पूर्व मंत्री व विधायक अम्बिका चौधरी ने आगामी 27 अप्रैल को घोषित भारत बंद के दौरान बलिया बंद को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश व केन्द्र सरकारों पर गम्भीर आरोप लगाते हुए उन्हे जनविरोधी बताया।

पूर्वमंत्री राम गोविंद चौैधरी ने द्वाबा को लोक नायक जयप्रकाश नारायण की धरती बताते हुए कहा कि यहां के लोग अन्याय के खिलाफ लड़ना जानते हैं। पूर्व मंत्री नारद राय ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की सरकार में बैठे लोगों को जनता जनार्दन से कोई मतलब नहीं है।

सम्मेलन को द्वाबा के पूर्व विधायक विक्रम सिंह, वरिष्ठ नेता सुमेर सिंह, नागेन्द्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजमंगल यादव, सपा के जिलाध्यक्ष मुहम्मद रिजवी, यशपाल सिंह, शैलेश सिंह, विनायक मौर्य, प्रदीप यादव, विश्वनाथ चौधरी, भरत यादव, रोशन गुप्त, अशोक यादव, लालजी यादव, सुरेश सिंह व नृपेन्द्र मिश्र बागी आदि ने सम्बोधित किया।

इससे पूर्व युवा नेता रवि प्रकाश सिंह छोटू, अरविंद सेंगर, मुन्ना गोड़, निर्भय सिंह गहलौत, बुलेट सिंह, मंतोष यादव, अरविंद सिंह सहित दो दर्जन नेताओं ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अध्यक्षता सपा के द्वाबा अध्यक्ष राजप्रताप यादव व संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य लालू यादव ने किया। इस मौके पर लोकगीत गायक विष्णु ओझा व उनके साथियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। लगभग छह घंटे चले सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में पांच हजार कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में आठ राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किये गये।

सपा के युवा नेता रविप्रकाश सिंह ने सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन की सफलता पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।

No comments:

Post a Comment