Friday, August 13, 2010

बच्चा-बच्ची एक समान, सबको बांटे पूरा ज्ञान !

'बच्चा-बच्ची एक समान, सबको बांटे पूरा ज्ञान' आदि नारे लगाते हुए श्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक करने हेतु स्कूली बच्चों द्वारा जगह-जगह रैली निकालने का सिलसिला पूरे शबाब पर है। विकास खण्ड बेलहरी अन्तर्गत स्थित विद्यालयों के बच्चों द्वारा निकाली गयी स्कूल चलो रैली को सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यालयों के सैकड़ों बच्चों ने 'आधी रोटी खायेंगी, स्कूल पढ़ने जायेंगे', 'पढ़ी लिखी लड़की, रोशनी घर की' आदि नारे लगाते हुए भरसौता, हल्दी, नन्दपुर, सुल्तानपुर आदि गांवों का भ्रमण किया। इस अवसर पर समन्वयक सुरेन्द्र प्रताप यादव, शशिभूषण मिश्र, दीनानाथ तिवारी, अनुज मिश्र आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में उपबेसिक शिक्षाअधिकारी रामनाथ गुप्त के नेतृत्व में प्रावि दुबहड़, भरसर, मिश्र के छपरा, पाण्डेय के छपरा, नेत लाल के छपरा, बसरिकापुर, मिल्की विद्यालयों से निकली रैली विभिन्न ग्रामों में भ्रमण करते हुए ब्लाक संसाधन केन्द्र दुबहड़ पर आकर सभा में तब्दील हो गयी। इस अवसर पर लल्लन उपाध्याय, मनोरमा पाण्डेय, स्वपन मजुमदार, मंजू श्रीवास्तव, गौरी शंकर लाल, कृष्ण बिहारी लाल, रेनू पाण्डेय, रामदर्शन सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन समन्वयक विद्यासागर ने किया।

दोकटी प्रतिनिधि के अनुसार शिक्षा क्षेत्र मुरली छपरा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बहुआरा से स्कूल चलो रैली निकाली गई जिसे पूर्व प्रधान सुनीता सिंह व एनपीआरसी समन्वयक कामता प्रसाद सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली मे रामेश्वर तिवारी, सुरेश गुप्ता, कुसुम तिवारी, ओमप्रकाश राम, विमला तिवारी, श्रीप्रकाश सहित दर्जनों अभिभावक व छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

हिन्दू समाज की एकजुटता समय की मांग !

हिन्दू समाज अगर आगे बढ़ेगा तभी यह राष्ट्र वैभव के शिखर पर आसीन हो सकेगा। इसके लिए एकजुटता जरूरी है। यही समय की मांग भी है। यह बातें बुधवार को लालगंज स्थित बजरंग शाखा पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के गुरुदक्षिणा कार्यक्रम में संघ के जिला शारीरिक प्रमुख ओंकार सिंह ने कही। इसके महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि संघ के छह प्रमुख उत्सवों में गुरुदक्षिणा उत्सव भी शामिल है। संघ ने किसी व्यक्ति विशेष को अपना गुरु न मानकर परम पवित्र व भगवाध्वज को ही अपना गुरु स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि आज हिन्दू समाज बिखराव के रास्ते पर है जिसे सही मार्ग पर लाने का कार्य संघ करता है। आज देश में आतंकी संगठन धीरे-धीरे अपना पैर जमाने में लगा हुआ है। इससे समाज के हर वर्ग को सावधान करने की जरूरत है। इससे पहले स्वयं सेवकों द्वारा ध्वज पूजन का कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर मुन्ना स्वर्णकार, सुनील सिंह, दिवाकर तिवारी, अभिनन्दन, राकेश पाठक, श्रीभगवान यादव, प्रदीप श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ राणा प्रताप शाखा मझौवां पर बुधवार को गुरुदक्षिणा पर्व धूमधाम से सम्पन्न हुआ। डा.बृजबली सिंह ने कहा कि गुरु से बड़ा इस संसार में कोई नहीं है।

Tuesday, August 10, 2010

स्कूल पढ़ने जायेंगे, ज्ञान ज्योति जलायेंगे!

'स्कूल पढ़ने जायेंगे, ज्ञान ज्योति जलायेंगे' जैसे प्रेरक नारों की जनपद के गांव-गांव में धूम मची है। शिक्षा की अलख जगाने को जागरूक बच्चे जोर-शोर से स्कूल चलो रैली निकाल रहे हैं।

'आधी रोटी खायेंगे, स्कूल पढ़ने जायेंगे' आदि प्रेरक नारों के साथ स्थानीय सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सोमवार को स्कूल चलो रैली निकाली गयी। ब्लाक स्तरीय जागरूकता रैली का शुभारम्भ

नगरपालिका परिषद अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सोनी तथा प्राशिसं के अध्यक्ष तेज प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झण्डी दिखा कर किया। रैली में लगभग एक दर्जन विद्यालयों के बच्चों, अध्यापकों व प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर एमबीएसए विजेन्द्र सिंह, विजय शंकर सिंह, कृष्ण मोहन, शिवजी, मंजू देवी, सुरेन्द्र सिंह, गीता, परवेज, सुरेन्द्र नाथ सिंह, संजय चतुर्वेदी आदि ने जनजागरण किया। संचालन विजय शंकर सिंह ने किया।

शिक्षा क्षेत्र बैरिया के एनपीआरसी गोपालपुर में स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई। रैली में एनपीआरसी समन्वयक राजकुमार कुशवाहा, प्रधानाध्यापक योगेन्द्र ओझा, प्रधानाध्यापक चंद्रिका प्रसाद, श्रवण कुमार सिंह, वीरेन्द्र पांडेय, सत्य भूषण चौहान, अमित दूबे आदि अध्यापक, शिक्षामित्र व छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सिकन्दरपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के ग्राम पंचायत सीवानकला के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने स्कूल चलो रैली निकाली जिसे बीआरसी नवानगर के समन्वयक राम प्रकाश सिंह ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। प्राथमिक विद्यालय के प्रागंण से एनपीआरसी समन्वयक दिलीप कुमार के नेतृत्व में निकली रैली में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डा.अजीजुद्दीन, सत्येन्द्र राजभर, लतीफ खां, दिग्विजय राय आदि शामिल रहे।

सकारात्मक मानसिक ऊर्जा पैदा करतीं शुभकामनाएं!

ब्रह्माकुमारीज सेवा केन्द्र की मुख्य इंचार्ज ब्रह्माकुमारी उमा दीदी ने बताया कि शुभकामना का विचार हमारे जीवन में सुखमय प्रकाश लाता है। वह मानसिक सकारात्मक ऊर्जा पैदा करता है जो हमारे आंतरिक गुणों व व्यक्तित्व का विकास करता है। हमारी शुभ भावनाएं दूसरों के लिए जीवनदान दे सकती हैं।

वह सोमवार को शहर के राजकीय बालिका इण्टर कालेज में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय हरपुर द्वारा मन को सकारात्मक विचारों से समर्थ बनाने व दुआओं के सहयोग से दूसरों का सहयोगी बनने संबंधी कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वर की प्रार्थना से की गयी।

दुआ देने व शुभकामना व्यक्त करने से क्या-क्या लाभ मिलता है इस पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि मन से निकली शुभकामनाएं उसी गति से वायुमण्डल में फैलती हैं जैसे सूर्य से निकले प्रकाश व पुष्प से निकली सुगंध चारों ओर फैलती है। यदि आप सभी बहनें खुद के लिए, परिवार तथा समाज की शांति के लिये अपने-अपने मन के अंदर शुभकामनाएं करें तो निश्चित रूप से एक श्रेष्ठ परिवर्तन की ज्योति जगेगी। विद्यालय की प्रधानाचार्य दुलेश्वरी राय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उपस्थित सभी छात्राओं को शुभकामना से सम्बन्धित कार्ड वितरित किया गया तथा पांच 5 मिनट ईश्वरीय स्मृति में होकर दुआओं का वायुब्रेशन फैलाया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज सेवा केन्द्र के बीके विनोद, बीके सुरेश, डा.कपिल आदि उपस्थित रहे।

दूसरा सोमवार: शिवालयों पर उमड़ा हुजूम जयकारे के साथ अभिषेक !

सावन के दूसरे सोमवार को भी शिवालयों में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। भोर से ही भक्तजन विभिन्न जलपात्रों में दूध गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में पहुंचे और बाबा का अभिषेक किया। ओम नम: शिवाय, जय बम भोले, जय शिवशंकर, जय औढरदानी आदि नामों से बाबा का जयकारा लगाते भक्त पंक्तिबद्ध हो शिव दरबार में हाजिरी लगाते पूजन अर्चन करते रहे। फूल बेलपत्र भांग धतूरा दूध दही घी गुड़ मिष्ठान व अन्य विविध सामग्री अर्पण कर मन्नतें मानते रहे। पूजा में महिलाओं की संख्या अधिक रही। नगर में अन्य शिव मंदिरों के साथ ही बालेश्वर मंदिर में भक्तों का रेला सुबह से ही उमड़ पड़ा। पूजा अर्चना का क्रम देर रात तक चलता रहा। व्रती महिलाओं ने पूजन अर्चन के बाद घर में संगीत का आयोजन कर बाबा का ध्यान किया। इस मौके पर नगर के भृगु मंदिर, दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर, कैलाश धाम, हरपुर मिड्ढी, बहादुरपुर देवकली मंदिर के साथ ही जनपद के छितेश्वरनाथ, शोकहरण नाथ, अवनीनाथ, बालखण्डी नाथ, नरहरि धाम आदि शिवालयों पर शिवभक्तों की भीड़ जुटी और भगवान भोले नाथ का अभिषेक किया। इस मौके पर पुलिस की भी चाक चौबंद व्यवस्था की गयी थी।

Saturday, August 7, 2010

कहीं शिक्षक नदारद तो कहीं छात्र ही गायब !

जिलाधिकारी सेंथिल पाण्डियन सी के निर्देश पर सर्वशिक्षा अभियान की हकीकत जानने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों ने शनिवार को जनपद भर में औचक निरीक्षण किया। मिड-डे मील सहित प्राथमिक विद्यालय में छात्र संख्या व उपलब्ध सेवाओं का निरीक्षण भी करना था। प्रात: साढ़े सात बजे से प्रारम्भ इस निरीक्षण में कहीं अध्यापक गायब थे तो कहीं छात्र ही नदारद मिले। कहीं भोजन पक तो रहा था पर मेनू के अनुकूल नहीं तो कहीं भोजन का अता-पता नहीं था। हालांकि औचक निरीक्षण की सूचना पहले से प्रचारित होने के कारण बहुत हद तक लोग पहले से ही एलर्ट हो गये थे। धरातल पर प्राथमिकता का सच देख डीएम ने बीएसए को निर्देशित किया है कि सबकी रिपोर्ट संकलित कर शीघ्र कार्रवाई करें।

जिलाधिकारी के निर्देश पर बीएसए ने सभी अधिकारियों को विकास भवन बुलाकर विद्यालयों की सूची सौंपी। जिले के लगभग सत्तर अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंप दी। बीएसए ने कहा कि सभी अधिकारियों से प्राप्त सूचनाओं को संग्रहित किया जा रहा है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Monday, August 2, 2010

जिला जजी परिसर में मोबाइल फोन के प्रयोग पर रोक!

जिला जजी परिसर में मोबाइल फोन के प्रयोग पर रोक लगा दी गयी है। पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति का मोबाइल फोन (सेट) जब्त करने के साथ ही उस पर जुर्माना भी ठोंका जायेगा। ऐसा न्यायालय परिसर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से किया जा रहा है।

जिला जज बीके श्रीवास्तव (द्वितीय) ने बताया कि उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में यहां भी कचहरी परिसर में मोबाइल फोन के प्रयोग पर पाबंदी लगा दी गयी है। पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि न्यायालय कक्ष में बैठने से पूर्व अपने मोबाइल फोन को साइलेंट मोड में करके विश्राम कक्ष में ही छोड़ दें। इसी क्रम में अधिवक्ता व वादकारी भी अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ करके ही परिसर में प्रवेश करेगे। उन्होंने प्रभारी प्रशासन ओपी सिन्हा (अपर जिला जज कोर्ट संख्या पांच) को निर्देश दिया है कि वे समय-समय पर परिसर का औचक निरीक्षण कर उच्च न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करायें। साथ ही अपनी रिपोर्ट उन्हे भी दें।