Monday, October 7, 2013

लिंगभेद मिटाने को दें बालिकाओं को समीचीन शिक्षा !

समाज से लिंगभेद मिटे, इसके लिए बालिकाओं को उचित वातावरण व समीचीन शिक्षा देने की जरूरत है। यह बातें प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अंबिका चौधरी ने कहीं।
वह सोमवार को यहां अमरनाथ मिश्र पीजी कालेज में छात्रसंघ उद्घाटन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री ने उद्घाटन समारोह पर महाविद्यालय परिसर में एक भी छात्रा के उपस्थित न रहने को गंभीरता से लेते हुए प्राचार्य से जानना चाहा कि इस स्थिति में लिंगदोह कमेटी की बात करना कहां तक उचित है। उन्होंने कालेज के विकास में सहयोग का आश्वासन प्राचार्य को दिया।

विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद यादव ने कालेज के विकास के लिए प्रशासनिक स्तर से सहयोग देने का वादा किया। समारोह को सपा के जिला सचिव लालू यादव, जिला पंचायत सदस्य मनोज कुशवाहा, पूर्व प्रधान मनोज यादव, सचिन सिंह, सुशील पांडेय, नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू, राणा प्रताप यादव दाढ़ी, शैलेश चौधरी पप्पू, जिला महासचिव विनायक मौर्य, द्वाबा अध्यक्ष राजप्रताप यादव आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता छात्रसंघ अध्यक्ष शिखर पांडेय व संचालन महामंत्री सोनू गुप्ता की तरफ से मनोज कुशवाहा ने किया। इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री ने सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर छात्रसंघ का उद्घाटन किया। वहीं छात्रसंघ के पदाधिकारियों को छात्रहित में कार्य करने का सुझाव दिए। प्राचार्य डा. सत्यप्रकाश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। सुदिष्ट बाबा महाविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष निर्भय सिंह गहलौत, संतोष कुमार सिंह, मिथिलेश चौबे, अरविंद सेंगर व रोशन गुप्त आदि ने कैबिनेट मंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

द्वाबा की धरती मेरे लिए तीर्थ समान

कैबिनेट मंत्री अंबिका चौधरी ने कहा कि द्वाबा क्षेत्र मेरा घर है। मैंने राजनीति का ककहरा यहीं से सीखा है। मेरे लिए यह क्षेत्र किसी तीर्थ से कम नहीं है। मैं जब भी इस क्षेत्र में आता हूं, मेरे मन व शरीर में नई ऊर्जा भर जाती है।

श्री चौधरी ने स्व. मैनेजर सिंह को अपना राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि मैं जिस मुकाम पर हूं, वहां पहुंचाने में मैनेजर सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पांच लाख के चेक संग शहीद के घर पहुंचे शाही !

 उत्तराखंड प्राकृतिक आपदा राहत के दौरान हेलीकाप्टर दुर्घटना में शहीद संजीव के परिवार वालों को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को पार्टी की तरफ से पांच लाख रुपये का चेक प्रदान किया तो उनकी आंखें एक बार फिर छलछला गईं। अपने बहादुर बेटे के खोने का गम पतनारी गांव में एक बार फिर ताजा हो गया।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का कारवां सोमवार को चार बजे पतनारी गांव पहुंचा। वहां वे सबसे पहले शहीद के घर पहुंच बहादुर संजीव को श्रद्धांजलि दिए। परिजनों का कुशलक्षेम पूछा व पार्टी की तरफ से पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक शहीद के पिता गौतम प्रसाद को प्रदान किया। श्री शाही ने कहा कि जांबाज संजीव की शहादत हर हिंदुस्तानी के लिए मदद की एक अद्वितीय मिसाल है। इससे हमारे युवा साथियों को अपनी जान की बाजी लगा देश की सेवा व देशवासियों की रक्षा की प्रेरणा मिलती रहेगी। शहीद के पिता गौतम ने एक बार फिर शहीद बेटे के नाम स्मारक लगाने या स्टेडियम बनाने की मांग की। इस पर श्री शाही ने कहा कि सत्ता में आते ही वे उनकी भावनाओं का सम्मान करने की पूरी कोशिश करेंगे। इस दौरान गोरक्ष प्रांत चिकित्सा प्रकोष्ठ के सह संयोजक डा. अच्युत प्रताप सिंह, पूर्व विधायक अनिल पासी, देवेंद्र यादव, केतकी सिंह, भरत सिंह, सकलदीप राजभर आदि उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का किया स्वागत
पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री शाही के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी सरगर्मी के साथ अपने नेता का स्वागत किया। पड़ोसी जनपद देवरिया के भागलपुर से ही काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपने नेता की अगुवाई करते हुए बलिया जनपद में प्रवेश कराया और तुर्तीपार चौराहा आते ही फूल मालाओं से लाद दिया। श्री शाही ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। भागलपुर में गोरक्ष प्रांत चिकित्सा प्रकोष्ठ के सह संयोजक डा. अच्युत प्रताप सिंह ने फूल माला से लाद स्वागत किया। वहीं तुर्तीपार में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान भाजपा नेता चुन्नू सिंह, भरत सिंह, सूर्यबली प्रसाद, धर्मेद्र सोनी, अशोक मधुर, सरयू कन्नौजिया, लोहा सिह आदि उपस्थित रहे।

Sunday, October 6, 2013

धूमधाम से निकाली महाराज अग्रसेन की शोभायात्रा !

महाराजा अग्रसेन जयंती के परिप्रेक्ष्य में रविवार को नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। अग्रवाल मुहल्ला गुरुद्वारा रोड स्थित हनुमान मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा चौक सिनेमा रोड होते हुए अग्रवाल धर्मशाला जाकर समाप्त हुई। शोभा यात्रा में शामिल झांकियां अनुपम छटा बिखेर रही थीं।
इसमे शामिल अग्रवाल समाज के लोगों संग महिलाएं व बच्चे भी महाराज अग्रसेन के जयकारे लगाते चल रहे थे। नागा जी शिशु मंदिर के बच्चों ने शोभा यात्रा में बैंडबाजा संग अद्भुत प्रदर्शन किया। गुजरने वाले रास्ते के दोनों तरफ इस नजारे को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ थी। लोग छतों पर भी डटे हुए थे। शोभा यात्रा की समाप्ति के पश्चात अग्रवाल धर्मशाला में विविध आयोजन हुए। इस मौके पर अग्रवाल समाज के अध्यक्ष अनिरुद्ध प्रसाद अग्रवाल, राधारमण अग्रवाल, राजेश कुमार अग्रवाल, निधेश अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, अभिषेक गर्ग, परमेश्वरन श्री, अंकित अग्रवाल आदि मौजूद थे। कार्यक्रम के संयोजक राम गोपाल अग्रवाल ने आभार जताया।

स्मरण शक्ति की अभिवृद्धि को दिए टिप्स !

भूलना व स्मरण ये दोनों मस्तिष्क की अनूठी विशेषताएं हैं परंतु कुछ सूत्रों को अपनाकर निरंतर अभ्यास करते रहने से मस्तिष्क की स्मरण शक्ति में अभिवृद्धि की जा सकती है।
यह बातें विषय विशेषज्ञ दिलीप राय ने कही। वह यहां सन् फ्लावर पब्लिक स्कूल गढि़या-रसड़ा में शनिवार को बीआईआरडी लखनऊ द्वारा आयोजित भूलना भूल जाएंगे विषयक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यशाला में जहां कक्षा छह से 12 वीं तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया वहीं विद्यालय के सभी शिक्षक भी मौजूद रहे। डा. राय ने बताया कि प्रकृति ने हमारे मस्तिष्क की संरचना पूर्ण विकसित कंप्यूटर के रूप में की है। स्मरण शक्ति को विकसित करने के लिए अनेक वैज्ञानिक शोध हुए हैं जिससे हम अतीत और वर्तमान के गणीतिय गणना को पलक झपकते ही अपने स्मरण पटल पर ला सकते हैं। कार्यशाला में उपस्थित अन्य विशेषज्ञों ने प्रश्नोत्तर विधि अपना कर विषय को सरल ढंग से बच्चों के समक्ष प्रस्तुत किया। विद्यालय की निदेशक ममता श्रीवास्तव, प्रबंधक एनपी श्रीवास्तव ने भी कार्यशाला में बच्चों को मनोवैज्ञानिक व कंप्यूटर से संबंधित कई जानकारियां दीं। कार्यशाला में प्रशासक नंदलाल मौर्य, पूनम सिंह, आरती सिंह, सरिता श्रीवास्तव, ओमप्रकाश राजेश, विजय शंकर, भगवान गुप्ता, शैलेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।

अपहर्ताओं के चंगुल से 11 घंटे बाद मुक्त हुआ अमरजीत !

उभांव थाना क्षेत्र के कृषि मंडी के समीप से शुक्रवार की शाम पांच बजे अपहर्ताओं ने एक व्यक्ति को जबरन उठा लिया। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घटना के करीब 11 घंटे बाद ही अपहृत व्यक्ति को सकुशल मुक्त करा लिया। इस मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि इसमें शामिल अन्य बदमाश फरार हो गए। मामला नौकरी के नाम पर पैसे के लेनदेन का बताया जा रहा है। तेंदुआ पाही निवासी अमरजीत यादव शुक्रवार को अपने घर जा रहे थे। इसी बीच तीन बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद हथियार की नोंक पर उन्हें जबरन बाइक पर बैठा लिया। देर रात को अपहृत अमरजीत यादव की पत्नी गीता देवी ने उभांव थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर अपने पति के अपहरण की आशंका जताई। इससे पुलिस के होश उड़ गए। बारिश के बाद भी पुलिस सकुशल बरामदगी के लिए संबंधित ठिकानों पर दबिश देती रही। पुलिस को चार बजे तड़के मामले में सफलता हाथ लग गई। थाना क्षेत्र के तुर्तीपार गांव के समीप अपहृत व्यक्ति को साथ ले जा रहे बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। उभांव थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार रामभरोसा यादव व गुड्डू यादव दोनों काजहां थाना मईल के रहने वाले हैं। इनके साथ रहे अन्य भाग निकलने में सफल हो गए। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन में जुट गई है।

Saturday, October 5, 2013

शारदीय नवरात्र आज से, गुलजार रहे बाजार !

शारदीय नवरात्र इस बार पांच अक्टूबर से प्रारंभ हो रहा है। इसके मद्देनजर बाजार गुलजार हो गए हैं। नवरात्र में विधिवत पूजन-अर्चन करने की मंशा मन में संजोए लोग खास कर महिलाएं खरीदारी में जुट गई हैं। शुक्रवार को पूजन सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर रात तक भारी भीड़ देखी गई।
नवरात्र व दशहरा को देखते हुए महिलाओं द्वारा घरों की साफ-सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। देवी मंदिरों की भी साफ-सफाई व सजावट का कार्य अंतिम चरण में है। नगर के जापलिनगंज स्थित मां दुर्गा मंदिर, कोरंटाडीह स्थित मां मंगला भवानी मंदिर, कपूरी नारायणपुर स्थित मां कपिलेश्वरी भवानी मंदिर, उचेड़ा की चंडी भवानी देवी मंदिर, हनुमानगंज में ब्रह्माणी देवी मंदिर, सिकंदरपुर स्थित खरीद की देवी, बिल्थरारोड में परमेश्वरी-भगेश्वरी मंदिर, शंकरपुर स्थित मां शांकरी देवी मंदिरों की साफ-सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर होता रहा। सुखपुरा कस्बे में स्थित मां भगवती के मंदिर में भी पूजन की विधिवत तैयारी चल रही है। उधर महंगाई भी देवी मां के भक्तों के हौसले को नहीं डिगा पा रही है। बाजार में नारियल 25-30 रुपये व चुनरी 20-25 रुपये में बिक रही है। इसके साथ ही धूप, अगरबत्ती, सिंदूर, रोली, कपूर, दीया-बाती, कलश, मां दुर्गा की छोटी प्रतिमा, दुर्गा सप्तसती की किताब आदि भी लोग खरीद रहे हैं।
इस मौके पर सजावट के लिए चाईनीज झालर की मांग काफी बढ़ गई है। मां ब्रह्माणी व अन्य मंदिरों के आस-पास भी पूजन सामग्रियों की दुकानें सज गई हैं। आने वाले त्योहारों को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

प्रशासन को नहीं मिली कामयाबी, अनशन जारी !

बिल्थरारोड (बलिया): क्षेत्र के अति महत्वपूर्ण सीयर-चरौवां-कसेसर मार्ग के जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर जारी आंदोलन के तहत शुक्रवार को प्रशासन ने अनशनकारियों को मनाने की कोशिश की लेकिन अधिकारियों को नाकामी ही हाथ लगी।
जन संघर्ष समिति के बैनर तले अनशन पर बैठे समाजसेवी मुन्नर यादव ने प्रशासनिक पहल के तहत मिले आश्वासन पर असंतोष जताते हुए सड़क निर्माण का आदेश मिलने तक अनशन जारी रखने का एलान किया। इससे एसडीएम बृजपाल सिंह व सीओ बृजेश सिंह समेत अधिकारियों को वापस लौट जाना पड़ा। सड़क निर्माण की मांग को लेकर राजपुर गांव की चट्टी पर विगत 22 सितंबर से आंदोलन चल रहा है।