वर्तमान बसपा सरकार सभी विद्यार्थियों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा देने के प्रति पूर्णतया गम्भीर है जिससे कि वे अपने भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करते हुए सफल नागरिक बनें। प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मंत्री रंगनाथ मिश्र स्थानीय डाक बंगले में एक प्रेसवार्ता में मीडिया कर्मियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पुरानी अंक प्रणाली को बदलकर नई अंक प्रणाली लागू की जा रही है जिससे छात्रों का प्रतिभा से पूरा न्याय हो सके। नकल माफियाओं का समूल नष्ट करने के लिए पूरे प्रदेश में नौवीं तथा ग्यारहवीं कक्षा का पंजीकरण 31 जुलाई तक होगा तथा उस सूची को सम्बन्धित विद्यालय का प्राचार्य शपथ पत्र के साथ 5 अगस्त तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करेगा। उसी के आधार पर बोर्ड विद्यालयों को फार्म भेजेगा। राजकीय इण्टर कालेजों की स्थिति को सुधारने के प्रयास किये जा रहे हैं। प्रदेश में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए 5000 नये एलटी अध्यापकों की नियुक्ति की जानी है। साथ ही प्रदेश में 1000 नये विद्यालयों की भी स्थापना की जा रही है।
शिक्षकों के वेतन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार जिन्होंने भी अपना सीडी जमा कर दिया है वहां कोई समस्या नहीं है। शेष बचे 49 विद्यालयों में से 35 विद्यालयों का वेतन भुगतान इस सप्ताह कर दिया जायेगा। इस वर्ष नकल के प्रति अपनी सख्त मंशा स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार बोर्ड परीक्षा में वित्त विहीन विद्यालयों के केन्द्र राजकीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों में होंगे। उसी प्रकार इन विद्यालयों के परीक्षा केन्द्र वित्त विहीन विद्यालयों में होंगे। प्रेस वार्ता के दौरान जोनल कोआर्डिनेटर छट्ठू राम, विधायक भगवान पाठक तथा सांसद रमाशंकर विद्यार्थी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
Wednesday, November 17, 2010
Monday, November 15, 2010
छात्रों ने निकाला मार्च सौंपा ज्ञापन !
विभिन्न मांगों को लेकर छात्र संघर्ष मोर्चा द्वारा जुलूस निकालकर जिलाधिकारी को 8 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया। इसमें प्रमुख रूप से छात्र संघ बहाली, छात्रवृत्ति फार्म की तारीख बढ़ाने, पुस्तकालयों से छात्रों को पुस्तकें उपलब्ध कराने, कक्षाएं नियमित रूप से चलाने, व्यायाम शाला में क्रीड़ा सामग्री उपलब्ध कराने, प्राइवेट फार्म वितरण की तारीख घोषित करना आदि शामिल रहा। इस मौके मोर्चा के संयोजक जलालुद्दीन, रितेश मिश्रा पहाड़ी, वीटर राम, जुनैद आलम, अशफाक अहमद, गोल्डी राय, बब्लू यादव, अभिषेक रंजन, कमल पाण्डेय, राजेश पटेल, नित्यानंद, पंकज राय, सुधीर ओझा, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय आदि ने सहभागिता की।
Saturday, November 13, 2010
कोलकाता की कारीगरी पर थिरकेगी भोजपुरी !
महर्षि भृगु की धरती पर अमर शहीद मंगल पाण्डेय की स्मृति में 15, 16 नवम्बर को आयोजित होने वाले बलिया महोत्सव के ऐतिहासिक मंचन के लिए मंच तैयारी करने की जिम्मेदारी संस्कृति विभाग ने कोलकाता के कारीगरों को दी है। संस्कृति विभाग उप्र लखनऊ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में देश के कोने-कोने से आने वाले ख्यातिलब्ध कलाकार शिरकत करेगे। मंच पर भोजपुरी कलाकारों की थिरकन का कुछ अलग ही अंदाज होगा। मंच निर्माण में कोलकाता के अनूप सरदार की अगुवाई में कुल 13 लोग 9 नवम्बर से युद्ध स्तर पर लगे हुए है जो 14 नवम्बर को इसे अंतिम रूप दे देंगे। अनूप सरदार ने बताया कि मंच 48&30 फीट का बनाया जा रहा है जिसकी कुल चौड़ाई 25 फिट होगी जो जमीन से 4 फीट ऊंची होगी। मंच के सामने दर्शक दीर्घा व प्रेस दीर्घा रहेगी तथा उसके पास ही विकास प्रदर्शनी के लिए अलग से पंडाल बनाया जा रहा है। इसमें कृषि, स्वास्थ्य, डूडा, पशुपालन व अन्य विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनियां लगायी जायेंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्कृति विभाग के मंत्री सुभाष पाण्डेय होंगे।
सर्पदंश के मरीजों को मिलता नवजीवन !
यह अंधविश्वास है या आस्था अथवा वास्तव में है कुछ सत्य कि देखते ही देखते बांसडीहरोड रेलवे स्टेशन के पास बन गया एक ऐसा धार्मिक स्थल जहां जाने के बाद सर्पदंश का शिकार कोई मरीज शायद ही मरा हो। पहले लोग गाजीपुर में अमवा की सती माई स्थान जिसे वास्तव में पूर्वाचल के लोग जागृत स्थल मानते है, पर जाते थे लेकिन अब सर्प दंश से पीड़ित को लेकर सीधे यहीं पहुंच रहे है। करीब दो माह पूर्व अस्तित्व में आये इस स्थल के सूरत-ए-हाल अब बिलकुल ही बदल गये है। जिला मुख्यालय से करीब दस किमी दूर कभी वीरान रहने वाले इस स्थान पर अब हर दिन मेला सा लगा रहता है। सोमवार व शुक्रवार को तो भीड़ का आलम पूछिये मत। अब यहां मंदिर निर्माण की कवायद प्रारम्भ हो गयी है।
सिलसिला दरअसल दस सितम्बर को अनोखे अंदाज में प्रारम्भ हुआ था। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के मनियारी जसांव गांव में मानती देवी नामक एक महिला पर सती माई के सवार होने की खबर पूरे क्षेत्र में जंगल में लगी आग की तरह फैल गयी। उसे देखने के लिए क्षेत्र के लोग हजारों की संख्या में मौके पर पहुंच गये। इस महिला की मांग पर सती मइया के लिए बांसडीहरोड रेलवे क्रासिंग के पास स्थित बागीचे में स्थान दिया गया। जानकारी होने पर कुछ ही देर बाद सर्प दंश से मृत एक महिला को उसके पास लाया गया लेकिन चिकित्सकीय इलाज होने के कारण उसने उसके शव को वापस लौटा दिया।
मानती के पति विनोद बिंद बताते है कि उसकी पत्नी को तीन बार सांप ने डंसा था। अमवा के सती माई स्थान पर ले जाने के कारण वह हर बार बच गयी। एक दिन अचानक उसके पैर के बीच से सांप गुजरा और वह बेहोश हो गयी। उसे तत्काल अमवा के सती माई स्थान पर ले जाया गया। कुछ देर बाद वह ठीक हो गयी। इसके बाद वहीं वह चिल्ला-चिल्ला कर अपने ऊपर सती माता के सवार होने की बात कह कर बैठ गयी। इस दौरान वहां पहुंचे सर्प दंश के तीन-चार मरीजों को झाड़ फूंक कर उसने ठीक भी कर दिया। इसके बाद कहा कि गाजीपुर से आने वाले रास्ते में एक प्रेत हमारे प्रभाव को कम कर दे रहा है इसलिए मेरा अब इस स्थान पर रहना उचित नहीं है। इसके बाद मानती यहां अपने घर चली आयी। अगले दिन शाम को वह बताने लगी कि वह सती माई है और ऐसा कह कर वह अपने लिए स्थान मांगने लगी। इस पर परिजनों ने तीन स्थानों का प्रस्ताव उसके समक्ष रखा। इस पर वह घर से तेजी से निकल पड़ी और बांसडीहरोड रेलवे क्रासिंग के पास बागीचे के एक स्थान पर खड़ी होकर आम की डाल वहां गाड़ दी। इसके बाद बैठ कर पूजा पाठ करने लगी। इसकी खबर लगते ही खेड़सर में सर्प दंश से मृत लीलावती पत्नी स्वामी नाथ के शव को वहां लाया गया। उसके ऊपर मिट्टी का लेप लगाने के बाद इलाज होने के कारण उसे भी छोड़ दिया। उस स्थान पर महिलाओं ने पूजा पाठ शुरू कर दिया। मानती देवी ने जिस स्थान पर आम की डाल गाड़ी थी वह जमीन मौजूदा ग्राम प्रधान पूजा देवी पत्नी टुनटुन यादव की है। शेष जमीन जहां दुकानें लग रही है वे शिवदत्त मिश्र व उनके पट्टीदारों की है। दुकानदारों से ये लोग रोजमर्रा के हिसाब से पांच-दस रुपये वसूल करते है। दुकानदारों के अनुसार सोमवार व शुक्रवार को उन्हे हार-दो हजार की आय हो जाती है। इस धार्मिक स्थल पर पूजा-पाठ मानती की पति विनोद द्वारा ही किया जाता है।
सिर पर हाथ फेरा जिन्दा हो गया बालक
बात उन्हीं दिनों की है। सर्पदंश से पीड़ित तीन वर्षीय अचेत बालक के सिर पर हाथ फेर मानती देवी ने थोड़ी सी मिट्टी क्या छिड़का, शिशु की आंखें खुलने लगीं और वह उठ कर खेलने लगा। फिर क्या था तमाशबीन के रूप में खड़े सैकड़ों लोगों ने सती माई के जयकारे लगाने शुरू कर दिये। उस दौरान बाजे-गाजे के साथ उस बच्चे को पूरे क्षेत्र में घुमाया गया था। बड़की शेरिया निवासी वीरेन्द्र पासवान के तीन वर्षीय पुत्र रोहित को सर्प ने डंस लिया था। परिजन अमवा की सती माई के नाम पर पैसा रख उसे सीधे बांसडीह रोड रेलवे क्रासिंग स्थित उस स्थान पर लाया गया। बुलाने पर थोड़ी देर बाद वहां मानती देवी पहुंची। कुछ देर पूजा करने के बाद उन्होंने अचेत रोहित के सिर पर हाथ फेरा और थोड़ी सी मिट्टी उसके शरीर पर डाल दिया। देखते ही देखते रोहित ने अपनी आंखें खोल दी। थोड़ी ही देर बाद रोहित पूर्णरूप से स्वस्थ बालक की भांति खेलने लगा। इस तरह के करीब पांच दर्जन से अधिक मामले प्रकाश में आ चुके है।
Friday, November 12, 2010
बनाएंगे पंचायत भवन !
ग्राम सभा चांदपुर की बैठक में शुक्रवार को ग्राम पंचायत भवन बनाने का निर्णय लिया गया। ग्राम प्रधान मनोज सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में समितियों के गठन के साथ ही गांव के विकास हेतु सबके सहयोग की अपेक्षा करते हुए ग्राम प्रधान ने कहा कि आज तक इस ग्राम में पंचायत भवन नहीं है। इसके लिए तत्काल पहल की जायेगी। बैठक में सदस्य गण शिवनाथ, कुंती देवी, रेशमी देवी, ओमप्रकाश के अलावा सचिव श्याम बिहारी भी उपस्थित रहे।
जेपी संदेश यात्रा: आज करेगे महापुरुषों की मूर्ति पर माल्यार्पण !
लोक नायक जय प्रकाश नारायण संदेश यात्रा 14 नवम्बर को सुबह 9 बजे शहीद पार्क चौक से प्रारम्भ होगी। इस दौरान नगर के सभी महापुरुषों की मूर्ति पर माल्यार्पण किया जायेगा। यहां से संदेश यात्रा दुबहड़, हल्दी होते हुए बैरिया पहुंचेगी जहां पूर्व विधायक स्व.मैनेजर सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के साथ ही नुक्कड़ सभा भी की जायेगी। यहां से यात्रा जय प्रकाश जी की जन्म स्थली जय प्रकाश नगर पहुंचेगी। इसका शुभारम्भ भाजपा के प्रदेश मंत्री दयाशंकर सिंह करेगे। यह जानकारी संदेश यात्रा के प्रभारी मनोज श्रीवास्तव व अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष दयाल शरण वर्मा ने दी है।
छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने मन मोहा!

जीवन में सफलता अर्जित करने के लिये तीन संकल्प सूत्रों को आत्मसात करना बेहद जरूरी है। पहला ईश्वर के प्रति आस्था, दूसरा कठिन परिश्रम और तीसरा एकाग्र चित होना। इनमें से एक की भी कमी इंसान को कामयाबी की राह से वंचित कर सकती है।
उक्त उद्गार वाराणसी के धर्माचार्य डा.राफी मंजली के हैं। वह गुरुवार को सेन्ट फ्रान्सिस उच्च माध्यमिक विद्यालय परसिया में आयोजित वार्षिकोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। इसके पूर्व मुख्य अतिथि ने विद्यालय के प्रबंधक फादर एन्थोनी मुत्तू तथा प्रधानाचार्य फादर आनन्द लकड़ा के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि इंसान में अगर समाजसेवा की भावना और दीन-दु:खियों की सेवा को लेकर प्रतिबद्धता न हो तो वह इंसान कहलाने का भी हकदार नहीं। वार्षिकोत्सव के प्रारम्भ में विद्यालय के प्रबंधक फादर मुत्तू ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि विद्यालय के सहायक अध्यापक अनिल कुमार जोसेफ ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रार्थना नृत्य, समूह नृत्य, एक्शन गीत, डाण्डिया नृत्य, भांगड़ा नृत्य तथा लघु नाटिकाओं की मनोहारी प्रस्तुति की। प्रधानाचार्य फादर आनन्द लकड़ा तथा पूर्वाचल ग्रामीण चेतना समिति के निदेशक फादर ज्ञान ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम स्थल पर जमी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्काउट के बच्चों ने अपनी सराहनीय भूमिका निभाई।
Subscribe to:
Posts (Atom)